सहारनपुर। देहात कोतवाली के गांव पीकी निवासी एक बुजुर्ग ने मारपीट के आरोपियों पर समझौता न करने पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
देहात कोतवाली के ग्राम पीकी निवासी बुजुर्ग शमशाद का कहना है कि वह अपनी पत्नी के साथ घर पर अकेले रहते हैं। जबकि उनके बच्चे बाहर नौकरी करते हैं। गांव के ही चार लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। जिसका मुकदमा देहात कोतवाली में दर्ज कराया गया और आरोपियों के गैर जमानती वारंट भी जारी हो गए। इनमें एक आरोपी 30 जुलाई से जिला कारागार में बंद है, जिसकी जमानत भी कोर्ट से निरस्त हो चुकी है। अब अन्य आरोपी उस पर और मामले के गवाहों पर मुकदमा वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। आरोप लगाया कि बात न मानने पर उन्हें गोली मारने की भी धमकी दी जा रही है। शमशाद ने एसएसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार तथा गवाहों की जान माल की सुरक्षा किए जाने की मांग की है।