गंगनहर में कूदने की आशंका पर महिला को पकड़ा
खतौली। गंगनहर में कूदने की आशंका पर महिला को लोगों ने पकड़ लिया। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस महिला को थाने लेकर आ गई। महिला का कहना था कि वह गंगनहर में नहाने वाली महिला को देख रही थी। गांव कैलावड़ा निवासी पुष्पा पिछले कई दिनों से पति से अपने मायके अंबरपुर जाने की जिद कर रही थी। महिला ने पुलिस को बताया कि पति उसकी बात को टाल देता था। इसलिए बृहस्पतिवार को वह घर से बिना बताए अपने मायके जाने के लिए घर से निकली थी। गंगनहर में नहाते हुए महिलाओं को देखने लगी। इसी दौरान वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने समझा कि महिला गंगनहर में कूद रही है। इसी आशंका पर लोगों ने महिला को पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस महिला को थाने लेकर चली आई और उसके पुत्र को फोन पर सूचना दे दी। सूचना पर परिवार के लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने महिला को परिजनों के हवाले कर दिया।