बुढाना (मुजफ्फरनगर)। दिनदहाडे़ परासौली गांव में रिश्तेदारी में आए युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हत्या का कारण स्पष्ट नहीं होने से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। हत्या के कारणों की जानकारी की जा रही है।
रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव बडसू सिकंदरपुर निवासी मंजीत सैनी उर्फ साहिल (18) पुत्र ओम कैलाश अपनी बुआ जगवती के यहां गांव परासौली में आया हुआ था। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने फुफेरे भाई जोनी और सोनू के साथ घेर में बैठा हुआ था। इसी दौरान वह भोजन के लिए घेर से घर चला गया। करीब एक घंटा बाद मंजीत सैनी का शव गांव के बाहर परासौली-बिराल मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही बुआ के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सभी लोग और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक मंजीत के शरीर पर चोट के निशान थे। गंभीर चोट लगने से ही उसकी मौत हुई है। फूफा धर्मपाल ने बताया कि मंजीत अक्सर यहां पर आता रहता है। वह हिमाचल में कुछ काम भी करता था। दो दिन पहले ही बुआ के घर आया था। पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।