वेस्ट यूपी में गहरी जड़ जमा चुके हवाला कारोबार में जिले के कई सराफ फिर से एनआईए के रडार पर हैं। दधेडू के युवक से पूछताछ में जांच एजेंसी को कई अहम सबूत हाथ लगे हैं। जिसमें कई और सराफ के हवाला कारोबार में शामिल होने बताया गया है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द ही एनआईए जिले में धमक सकती है। इसे लेकर सराफा बाजार में हड़कंप मचा हुआ है। पूछताछ में जिनके नाम सामने आए हैं, वह लोग भूमिगत हो गए हैं।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) लश्कर-ए-तैयबा को आतंकी फंडिंग के मामले में सराफा बाजार निवासी अंकित गर्ग और दिनेश गर्ग को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों सराफ के हवाला कारोबार से तार जुड़े मिले थे, जो खाड़ी देशों से सोने की तस्करी कर आतंकियों को पैसा मुहैया कराते थे। इसको लेकर लगातार एनआईए जिले पर निगाह बनाए हुए है। हाल ही में चरथावल, नईमंडी के बागोवाली, बझेड़ी आदि क्षेत्रों में दबिश देकर कई युवकों को उठाया था। बताया गया है कि एनआईए ने दधेडू से एक युवक को उठाया है। जिससे पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। जनपद में हवाला कारोबार से कई और सराफ के शामिल होने के सबूत मिले हैं। युवक ने एनआईए को हवाला नेटवर्क की जानकारी दी है। यह नेटवर्क वेस्ट यूपी में गहरी जड़ बना चुका है। जिसके तार यूपी, उत्तराखंड तक फैले हैं।
एनआईए को जो सबूत हाथ लगे हैं, उनमें सराफा बाजार के कई बड़े ज्वैलर्स, कारोबारियों के साथ कई गांवों के युवा आतंकियों को फंडिंग में हिस्सेदार हैं। यह सभी देश-विदेशों से सोने की तस्करी कर हवाला कारोबार के माध्यम से आतंकी आकाओं, कारिंदों को पैसा पहुंचा रहे हैं। भनक लगने के बाद सराफा बाजार से ज्वैलर्स और युवक भूमिगत हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार एनआईए पूरी तरह से फिल्डिंग सजाकर जिले में दबिश डाल सकती है।
टारगेट पर बझेड़ी, बागोवाली, दधेडू
मुजफ्फरनगर। एनआईए के टारगेट पर नईमंडी थाना क्षेत्र के गांव बागोवाली, रथेड़ी, बझेड़ी और दधेडू हैं। यहां से भारी तादाद में युवक खाड़ी देशों में नौकरी और अन्य कार्य करते हैं। यह किस आधार से भारत में पैसा पहुंचा रहे हैं और क्या-क्या सामान भेजते हैं। इसको लेकर विदेशी स्तर से होने वाले ट्रांजक्शन पर भी निगाह रखी जा रही है। इन गांवों में कुछ युवकों के हवाला कारोबार में जुड़े होने का संदेह जताया जा रहा है।
नेटवर्क की जड़ तलाश रही एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले का आतंकी कनेक्शन वर्षों पुराना है। यहां के कई बाशिंदों को देशविरोधी गतिविधियों में गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, हवाला कारोबार को लेकर जांच एजेंसी बिजनौर, मेरठ, सहारनपुर, देवबंद, हरिद्वार के साथ जनपद को भी प्रमुख रूप से रडार पर रखे हुए है। जनपद में प्रतिबंधित संगठन अंसारुल बांग्ला का आतंकी अब्दुल्ला अल मामून को पकड़ा गया था। इसके अलावा भी अंकित विहार निवासी संदीप शर्मा को कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया था।