हाथरस। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव हाजीपुर में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे आई तेज आंधी से निर्माणाधीन पैरामेडिकल कॉलेज के लेंटर का जाल सरक कर नीचे आ गिरा। इससे उस पर पाइप डालने का काम कर रहे दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। डाक्टरों ने घायल मजदूर को अलीगढ़ रेफर कर दिया।
हाजीपुर में कैलोरा गांव के रहने वाले डॉ. सुमित सेंगर पुत्र सूर्यप्रताप सेंगर के पैरामेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां रामपुर के रहने वाले दो भाई राजू व मुकेश पुत्रगण भुल्लन सिंह दूसरी मंजिल के लेंटर के जाल में बिजली के तार के लिए पाइप डालने का काम कर रहे थे। इस दौरान तेज आंधी चलने लगी। यह देख साइट पर काम कर रहे दूसरे मजदूरों ने लेंटर पर काम में जुटे दोनों भाइयों को आवाज लगाकर नीचे आने को कहा।
इस पर मजदूरों ने हवा की रफ्तार कुछ कम होने पर नीचे आने की बात कही। हवा की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास सालों पुराने कई पेड़ धराशायी हो गए। कॉलेज के लेंटर का जाल भी सरककर नीचे आ गिरा। इससे राजू व मुकेश उर्फ अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कैलोरा निवासी वीरपाल को हल्की चोटें आईं। एंबुलेंस बुलवाकर घायल मजदूरों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां राजू (45) ने दम तोड़ दिया। वहीं उसके भाई मुकेश उर्फ अनिल को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद से गांव रामपुर में मजदूरों के घर पर मातम छाया है।