भोपा। घर से काम की तलाश में गए दो युवकों के घर वापस नहीं लौटने से परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई है।
कस्बा निवासी मामचंद पाल ने भोपा थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया कि उसका बेटा मनोज कुमार तीन दिन पूर्व किसी काम से गोरखपुर जाने की बात कहकर गया था। मनोज न घर लौटा और न ही उसका मोबाइल मिल पा रहा है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। उधर, सीकरी निवासी कमर इलाही ने भोपा थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसका 22 वर्षीय बेटा वकार उर्फ कादर एल्मुनियम का कार्य करता है, जो दस दिन पूर्व दिल्ली गया था। वापस नहीं लौटा है। पुलिस जांच में जुट गई है।
मतदान जागरूकता रैली निकाली
भोपा। गांव युसुफपुर में चल रहे जनता इंटर कॉलेज के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयं सेवकों द्वारा मतदान जागरूकता रैली निकाली और सफाई अभियान चलाया। कार्यक्रम अधिकारी संजीव राठी ने बताया कि मतदान जागरुकता रैली में स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर मतदान की जानकारी देते हुए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, शिक्षा, पौधारोपण के लिए जागरूक किया। गली- मोहल्लों में सफाई अभियान भी चलाया गया। राजेंद्र सिंह, भीष्म सिंह आदि ने स्वयं सेवकों को जानकारी दी। सोहेल कुमार, मोनू, अश्वनी, हर्षित कुमार, अमित कुमार, अस्मित कुमार मौजूद रहे।