बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। करबला रोड पर शनिवार की रात ससुराल वालों ने विवाहिता पर मिट्टी का तेल डालकर जलाकर मारने का प्रयास किया। महिला के बेहोश होने पर सभी घर से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को सीएचसी पर भर्ती करवाया। गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया है। पुलिस ने महिला के पति और ससुर को हिरासत में लिया है।
करबला रोड निवासी शौकीन ने अपनी बेटी सलमा की शादी मेरठ जनपद के रोहटा थाने के गांव चिंदोड़ी निवासी शमशाद के बेटे राहुल के साथ की थी। शादी के बाद यह परिवार भी बुढ़ाना आकर रहने लगा था। पिता शौकीन का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। दहेज न मिलने के कारण उसे प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि शनिवार की शाम सलमा घर पर अकेली थी। ससुर शमशाद ने उसके साथ छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर उसका पति राहुल और अन्य परिवार वाले भी वहां आ गए। सभी लोगों ने मिलकर सलमा का गला दबाकर उसके उपर मिट्टी का तेल छिड़ककर जलाकर मारने का प्रयास किया। सलमा के बेहोश होने पर उसे मरा समझ कर सभी लोग घर से फरार हो गए। रविवार को सुबह पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस और मायके वालों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में सलमा को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया। जहां से उसे जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया है। पिता शौकीन ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सलमा के पति और ससुर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।