गोकशी पकड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
भोपा। पुलिस ने गोकशी कर रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लगभग एक क्विंटल मांस, उपकरण, तमंचा व कारतूस बरामद किए गए। दो आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए।
रविवार को गोकशी की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक एमएस गिल व चौकी प्रभारी जगपाल सिंह पुलिस बल के साथ गांव सीकरी के जंगल में छापा मारा। गोकशी कर रहे आरोपियों ने पुलिस पर फायर कर दिए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया, जिनके पास से मांस सहित उपकरण, एक तमंचा 315 बोर, एक कारतूस खोखा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी शहजाद, रजा पुत्रगण वकील हैं। नौशाद उर्फ आडवाणी, वसीम मौके से फरार हो गए। सभी आरोपी थाना क्षेत्र के गांव सीकरी के निवासी हैं। सीओ राममोहन शर्मा ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जुगाड़-बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार घायल
भोपा। भोपा थाना क्षेत्र के गांव विलायत नगर निवासी मोहन कस्बे में बाइक रिपेयर की दुकान करता है। उसी के पास यूसुफपुर निवासी विपिन पुत्र महेंद्र व मिमलाना निवासी अरविंद पुत्र स्वराज भी काम सीख रहे हैं। रविवार दोपहर दोनों बाइक से बस स्टैंड पर सामान लेने जा रहे थे। जैसे ही सीएचसी भोपा के करीब उनकी बाइक की जुगाड़ से टक्कर हो गई। दुर्घटना में विपिन और अरविंद घायल हो गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने जुगाड़ को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
युवक से मारपीट कर नकदी लूटी
भोपा। एक युवक ने तीन लोगों पर मारपीट कर नकदी लूटने का आरोप लगाया है। रविवार को बक्र नगर निवासी गुलशन अपने मामा अब्दुल्लाह के पास गांव चोरा वाला थाना ककरौली गया था। दोपहर अपने साथी मोहम्मद वसीम निवासी तिगरी थाना नई मंडी के साथ से लौट रहा था। आरोप है कि नहर से आगे एक ट्रक चालक ने खिड़की से बाहर की ओर थूक दिया। इससे नाराज गुलशन ने ट्रक रुकवा कर उससे नाराजगी जताई। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। गुलशन का आरोप है कि ट्रक चालक ने फोन कर तीन लोगों को बुला लिया। उन्होंने उसके साथ मारपीट करते हुए जेब से लगभग डेढ़ हजार रुपये लूट लिए। सूचना पुलिस को दे दी गई है।