बुढ़ाना। गांव सठेड़ी निवासी हर्षित त्यागी बुढ़ाना में ट्यूशन पढ़ता है। शुक्रवार की रात करीब सात बजे ट्यूशन पढ़ने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। छात्र के अनुसार मेरठ-करनाल हाईवे पर सठेड़ी कट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। तमंचा दिखाते हुए गोली मारने की धमकी देकर बाइक, मोबाइल व पर्स लूट लिया। इसके बाद बदमाश धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। उसने एक राहगीर के मोबाइल से पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने छात्र को उसके घर पहुंचाया। इंस्पेक्टर प्रभाकर केंतुरा का कहना है कि तहरीर आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड सभासद पर लगाया डेढ़ लाख हड़पने का आरोप
शाहपुर। नगर पंचायत के वार्ड संख्या सात की सभासद के पति मोहल्ला सैनियान निवासी मनोज सैनी ने तहरीर देकर बताया कि एक वार्ड सभासद ने कारोबार का झांसा देकर उससे डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। अब आरोपी रुपये नहीं लौटाते हुए उल्टे उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने सभासद पर दुकानदारों से अवैध वसूली करने के साथ ही तालाबों व सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे करने का भी आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।