ग्रामीण की झोपड़ी में लगी आग
मीरापुर। गांव टिकौला निवासी ग्रामीण की झोपड़ी में सोमवार सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, लपटों में झोंपड़ी में रखी नकद धनराशि व सामान नष्ट हो गया।
टिकौला का आत्माराम मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। वह परिवार समेत गांव में ही झोपड़ी डालकर रह रहा है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे अचानक अज्ञात कारणों से उसकी झोपड़ी में आग लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी में रखी आजीवन कमाई की नकदी के साथ ही कपड़े, जेवरात व अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था। सूचना पर पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। ग्राम प्रधान चंद्रगुप्त व अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
सफाई कर्मचारियों ने दिया हड़ताल का नोटिस
मीरापुर। नगर पंचायत के सभासदों व कर्मचारियों के बीच चल रहा विवाद तूल पकड़ लिया है। सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष को अनिश्चितकालीन हड़ताल का नोटिस देकर दो दिन के भीतर दुर्व्यवहार के आरोपी सभासदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नगर विकास मंत्रालय, एससी-एसटी आयोग, मानवाधिकार आयोग, प्रमुख सचिव व निदेशक स्थानीय निकाय को भी प्रतिलिपि प्रेषित की गई है। गौरतलब है कि विगत 23 दिसंबर को सभासदों ने ईओ का पुतला फूंकने का प्रयास किया था, जिसका कर्मचारियों ने विरोध किया था। इसे लेकर सभासदों व उनके समर्थकों ने सफाई कर्मियों से बदसलूकी की थी। सफाई कर्मियों ने सभासदों पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का भी आरोप लगाया था।