बुढ़ाना।
थाना फुगाना के गांव गढ़मलपुर सागडी का रहने वाला सोहनवीर (65) बुधवार को बुढ़ाना आया था। उसने कस्बे की पीएनबी की शाखा से अपने खाते से 30 हजार रुपये निकाले। जिसके बाद वह खरीददारी करने के लिए बाजार में चला गया। कस्बे के कांधला रोड पर कुमार मेडिकल स्टोर के पास टायर की एक दुकान पर खड़ा होकर उसने दुकानदार को आवाज लगाई। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश ग्रामीण के पास पहुंचे और उसके हाथ से थैला छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना ग्रामीण ने पुलिस को दी। ग्रामीण सोहनवीर ने बताया कि पुलिस ने उसकी सहायता करने के बदले उससे ही टोका टाकी करने लगी। इंसपेक्टर प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश जारी है।