छात्रों गुटों में संघर्ष, फायरिंग
मुजफ्फरनगर। मंगलवार को शहर के तीन कालेजों में छात्रों के गुटों में संघर्ष हुआ। एसडी इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों के झगडे़ के दौरान फायरिंग होने से भगदड़ मच गई। छर्रे लगने से एक छात्र घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला और छात्र को अस्पताल ले जाकर उपचार दिलाया।
रोडवेज के पास स्थित एसडी इंटर कॉलेज में छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। एक गुट के छात्रों ने फायरिंग कर दी, जिससे वहां पर भगदड़ मच गई। छर्रे लगने से तावली का छात्र आरिफ जख्मी हो गया। खबर मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक हमलावर फरार हो गए थे। पुलिस ने घायल छात्र को उपचार दिलाया। घायल पक्ष की ओर से शरद आदि के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। उधर, मीनाक्षी चौक के पास जैन इंटर कॉलेज में भी दो छात्रों के बीच मारपीट के बीच पत्थरबाजी हुई, जिसमें एक छात्र घायल हो गया। उसे भी पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज के बाहर भी छात्रों में मारपीट होने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, मगर तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।