दस हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के दस हजार के इनामी एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ग्राम फलौदा निवासी डाबर पुत्र रमेश के विरुद्ध वर्ष 2008 में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वह वांछित चल रहा था। न्यायालय में हाजिर न होने पर पुलिस ने 17 जून 2008 में उसके घर की कुर्की की थी। आरोपी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके बाद भी काफी प्रयासों के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हुई थी। पुलिस ने फलौदा के निकट बने तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
बिजली निगम के जेई को दी विदाई
(फोटो समाचार)
पुरकाजी। विद्युत निगम के जेई रामनिवास त्यागी के सेवानिवृत्त होने पर बुधवार को कस्बे के सत्य विहार कॉलोनी में विद्युतकर्मियों की ओर से विदाई पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें जेई का फूल-मालाओं और उपहार देकर उन्हें विदाई दी गई। उन्हें तराजू में तोलकर उनके वजन के बराबर सिक्के उन्हें भेंट किए गए। इसके अलावा जेई ने अपनी ओर से अपने स्टाफ के करीब 200 कर्मचारियों को कंबल उपहार में देकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान भारत भूषण खुल्लर, सुक्कड़ सिंह, कंवरपाल, हरिराम सक्सेना, आजाद फरीदी, शाहिन खान, विरेंद्र सिंह, शरबत अली, दिलशाद त्यागी, जमील अहमद आदि मौजूद रहे।
पुरकाजी में दुकानदार से लूट
पुरकाजी। ग्राम फलौदा निवासी रमेशचंद मंगलवार रात खड़कावाला पैंठ से सामान बेचकर वापस अपने घर जा रहा था। रास्ते में मिले दो बदमाशों ने उसे आतंकित कर उसकी जेब से चार हजार रुपये की नगदी लूट ली। उसके शोर मचाने पर पहुंचे आसपास कोल्हू में काम कर रहे लोगों ने उनकी काफी तलाश की, मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर पुलिस से बदमाशों का सुराग लगाकर लूटी गई नगदी बरामद करने की मांग की है।