वाहन चोर दबोचे, चोरी के कई वाहन बरामद
मुजफ्फरनगर। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो वाहन चोर दबोचे हैं। चोरों के पास से चोरी की कई बाइकों के साथ छुरी बरामद हुई हैं।
कोतवाली के खालापार चौकी इंचार्ज राकेश शर्मा अपनी टीम के साथ बृहस्पतिवार को गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर दो युवकों के संदिग्ध रूप में योगेंद्रपुरी से वाहन ले जाने की सूचना मिली। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवकों से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो वह वाहन चोर निकले। पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर खालापार में ही खाली पड़े प्लाट से तीन वाहन और छुरी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम आमिर उर्फ मोनू पुत्र मुस्तकीम और आरिफ पुत्र शमशाद निवासी फिरदौसनगर बताए हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से स्कूटर, दो बाइक मिली हैं। साथ ही पुलिस ने दोनों के कब्जे से छुरी भी बरामद की है। पुलिस दोनों बदमाशों के गैंग और सक्रिय सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।