पुरकाजी(मुजफ्फरनगर)। चार दिन पूर्व हुई दो पक्षों में मारपीट की घटना में घायल हुए एक ग्रामीण की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना गत 27 जून की है। थाना क्षेत्र के ग्राम गोधना में खेत पर पानी चलाने के ओसरे को लेकर गय्यूर और कल्लू पक्ष में मारपीट हो गई थी। जिसमें 55 वर्षीय मुस्तफा पुत्र मुश्ताक गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसमें गय्यूर पक्ष द्वारा थाने पर तहरीर देकर दूसरे पक्ष के कल्लू और उसके तीन पुत्रों पर मारपीट करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग करने पर पुलिस ने घटना में एनसीआर दर्ज कर ली थी। घायल का उसी दिन से मेरठ के एक प्राईवेट अस्पताल में उपचार चल रहा था। शुक्रवार को घायल मुस्तफा की मौत हो गई। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि जो तहरीर दी गई थी, उसके आधार पर एनसीआर दर्ज कर ली गई थी। घायल की मौत हो जाने पर मुकदमे को धारा 304 में तरमीम कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
कांवड़ मेले को लेकर सीओ ने ली मीटिंग
पुरकाजी। आगामी कांवड़ मेले को लेकर शुक्रवार को सीओ सदर शिवराज सिंह ने थाना प्रांगण में कस्बे एवं क्षेत्र के लोगों की एक मीटिंग लेकर कांवड़ मेले को लेकर सुझाव मांगे। कांवड़ मेले में सहयोग करने की अपील की है।
सीओ सदर ने कहा कि सभी को शिवभक्तों का पूरा सहयोग करना है। अगर कहीं पर कोई विवाद पैदा होता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को देकर विवाद को शांतिपूर्ण निपटाना है। उन्होंने कहा कि जो लोग शिविर लगाएंगे, उन्हें वहां पर शौचालय का इंतजाम जरूर करना है। लोगों ने हाईवे पर बनाए जा रहे नाले के अधूरे पड़े निर्माण को पूरा कराने, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग कराने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की माकूल व्यवस्था कराने सहित ग्राम प्रधान भूराहेड़ी नवीन राठी ने गांव में हाईवे पर पड़ी कूड़ियां हटवाने की मांग रखी।