मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली, नई मंडी व बुढ़ाना कोतवाली पुलिस की अलग-अलग स्थानों पर दोपहिया वाहन सवार बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। इसमें तीन बदमाश घायल हुए हैं। इनमें पंजाब के पटियाला से भगौड़ा घोषित हिस्ट्रीशीटर अपराधी व 20-20 हजार रुपये के दो इनामी अपराधी शामिल हैं।
एसपी सिटी अमृत जैन ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर बताया कि नई मंडी कोतवाली पुलिस ने कूकड़ा मैदान के पास मुठभेड़ में मेघाखेड़ी गांव निवासी नई मंडी कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर सलमान को घायल हालत में गिरफ्तार किया। उसका साथी मेघाखेड़ी निवासी खुशनसीब उर्फ खुशना भाग निकला। इसे रात को पुलिस ने पकड़ लिया। ये दोनों बिना नंबर की स्कूटी पर सवार थे। उसके खिलाफ पंजाब के पटियाला में पशु चोरी का मामला दर्ज है। वह पटियाला कोर्ट में 2021 से पेश नहीं हो रहा था। कोर्ट ने उसे भगौड़ा घोषित था। उसके साथी की तलाश व भगौड़ा होने के बारे में जानकारी की जा रही है। वह अपने साथी के साथ छिपने व अपराध करने के लिए आया हुआ था। उसके खिलाफ पांच मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उससे स्कूटी व तमंचा मिला है।
उधर, शहर कोतवाली पुलिस ने दधेडू रजबहा पटरी के पास चेकिंग केे दौरान हुई मुठभेड़ में सहारनपुर के थाना नकुड़ की खेड़ी कॉलोनी निवासी शिवम उर्फ मोटा को घायल हालत में पकड़ा। उसने अपने साथियों के साथ चार अप्रैल को पीनना गांव में किसान रवि के घर परिजनों को बंधक बनाकर लाखों रुपये की डकैती डाली थी। पुलिस ने उसके सात साथियों को काफी माल बरामद कर गिरफ्तार किया था। वह देहरादून में दोपहिया वाहन किराये पर देने का काम करता है। उसने योजना बनाकर साथियों के साथ डकैती डाली थी। किसान के घर घुसने वाले बदमाशों में वह शामिल रहा था। घटना को किसान के बहनोई ने अंजाम दिलाया था। वह भी पुलिस ने पकड़ा था। इस घटना में शिवम व उसका साथी लाल्ला वांछित चल रहे थे। एक आरोपी पकड़ा गया है। दूसरे की तलाश की जा रही है। उससे लगभग 400 ग्राम चांदी के जेवर व तमंचा व बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है।