बुढ़ाना। पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से वांछित व दो राज्यों से घोषित इनामी वाहन चोरी का आरोपी घायल हो गया। कांबिंग के दौरान पुलिस ने उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनसे तमंचा, कारतूस व बिना नंबर की बाइक बरामद की। घायल बदमाश अंतर राज्य स्तर का बदमाश है। उसके खिलाफ 40 से अधिक अपराध पंजीकृत है।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि हाईवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को सुबह रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस पर फायर करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी व कांबिंग के दौरान घायल व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश गुलजार उर्फ मामा इस्लामनगर कस्बा खतौली का रहने वाला है। वह अंतर राज्य स्तर का अपराधी है। खतौली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। खतौली थाने से उस पर 25 हजार रुपये व हरियाणा के पानीपत से उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित है।
दूसरा बदमाश नसीम मेरठ जनपद के रोहटा थाना क्षेत्र के गांव पूठ खास का रहने वाला है। नसीम भी हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ भी विभिन्न थाना क्षेत्र में सात अपराध पंजीकृत हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों का चालान कर दिया।
-
आरोपी ने पुलिस को दी जानकारी
गुलजार उर्फ मामा ने बताया कि वह लोग ट्रैक्टर, कैंटर, ट्रक आदि वाहन चोरी करते थे। 17 मार्च 2025 को वह व उसका साथी जावेद चोरी के ट्रैक्टर को बेचने जा रहे थे। थाना खतौली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान उसके साथी को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया था, जबकि वह मौके से भाग गया था ।
वह थाना किला जिला पानीपत से भी चोरी के अभियोग में वांछित चल रहा है। आज पुनः वाहन चोरी की घटना करने के लिए आए थे।