पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। पुरकाजी-लक्सर हाईवे पर हुई दो बाइकों में आमने सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार रण्डावली निवासी 28 वर्षीय आशीष पाल व मंगलौर के गांव कुरड़ी निवासी 25 वर्षीय शुभम की मौत हो गई।
मंगलवार की रात करीब सात बजे गांव रण्डावली निवासी दूध विक्रेता 28 वर्षीय आशीष पाल बाइक से पास के ही गांव सुवाहेड़ी से दूध लेकर लक्सर हाईवे से होकर गांव हरिनगर की तरफ जा रहा था। जब वह कुछ ही दूरी पर पहुंचा तो सामने से आ रही उत्तराखंड की कोतवाली मंगलौर के गांव कुरड़ी निवासी 25 वर्षीय शुभम की बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को पुरकाजी पीएचसी पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर मृतक आशीष पाल के परिजन भी पीएचसी पहुंच गए। मृतक आशीष पाल चार भाई हैं। वह दो भाइयों से छोटा था। पुलिस ने बताया कि हादसे में बारे में तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।