मुजफ्फरनगर। दोस्तों के साथ बर्थडे मनाने की बात कहकर रविवार को घर से निकले पेपर मिल में केमिस्ट के पद पर तैनात अश्वनी (32) का शव वहलना बाईपास पर काली नदी ओवरब्रिज के समीप पड़ा हुआ मिला। शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। परिजनों ने थाना खालापार पहुंचकर उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने जांच का भरोसा दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
शहर के बुढ़ाना मोड़ के समीप खांजापुर निवासी नोएडा में तैनात आईटीबीपी में इंस्पेक्टर रामगोपाल के छोटे बेटे आकाश ने बताया कि उसके पिता की ड्यूटी इन दिनों राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में लगी है। उनका एक दिसंबर को रिटायरमेंट है, जिस कारण वह घर पर आए हुए हैं।
उसके बड़े भाई अश्वनी का रविवार को जन्मदिन था। करीब दो बजे वह घर से दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने की बात कहकर निकला था लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। शाम चार बजे उसने कॉल कर दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने की बात बताई लेकिन उसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया।
रविवार रात भाभी ने कॉल की तो पुलिसकर्मियों ने रिसीव की। जानकारी दी कि वहलना बाईपास पर ओवरब्रिज के समीप अश्वनी के पड़े होने की जानकारी मिली। परिजन पहुंचे और उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया। लेकिन आपातकालीन कक्ष में तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके उपरांत शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
-
गर्दन काटकर शव सड़क पर फेंके जाने का आरोप
अश्वनी के छोटे भाई विशाल का आरोप है कि उसके बड़े भाई की गर्दन काटकर हत्या की गई है। आरोप लगाया कि भाई को उसके दोस्तों ने फोन कर बहाने से बुलाया और उसकी हत्या कर शव सड़क पर फेंक दिया। उसकी स्प्लेंडर बाइक भी सोमवार को शव बरामदगी वाले स्थान काफी दूर बरामद हुई है। बताया कि शव की बरामदगी के समय बाइक घटनास्थल पर मौजूद नहीं थी। बताया कि अश्वनी के फोन से उसके दोस्तों के साथ फोटो और वीडियो मिली है। जबकि दोस्तों ने जन्मदिन मनाने की बात से भी इन्कार किया। जिस कारण उन्हें शक है कि अश्वनी की हत्या की गई है।
वर्जन
घटनास्थल का निरीक्षण किया है, पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट का भी अवलोकन किया गया है। जिससे मामला प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना का लग रहा है। बावजूद पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - सिद्धार्थ के मिश्रा, एएसपी