शामली। गायनोकोलॉजिस्ट बने डॉ. विजेंद्र कुमार ने सीएमओ कार्यालय के कर्मचारी पर सीएचसी शामली का चिकित्सा प्रभारी नियुक्त कराने की एवज में दो लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
चिकित्सक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में चिकित्सक अपनी आंखों से आंसू पोंछते हुए नजर आ रहे हैं। चिकित्सक ने कर्मचारी की संपत्ति की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. विजेंद्र कुमार पूर्व में सीएचसी शामली पर तैनात रहे हैं। करीब तीन साल पहले वह गायनोकोलॉजिस्ट का कोर्स करने गए हुए थे। कोर्स पूरा करने के बाद वे मंगलवार को शामली पहुंचे। उन्होंने सीएमओ कार्यालय के एक कर्मचारी पर सीएचसी शामली का चिकित्सा प्रभारी नियुक्त करने के नाम पर दो लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा दिन सीएमओ कार्यालय पर बैठाए रखा। उन्होंने आरोपी कर्मचारी पर सीएमओ के इशारे पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। चिकित्सक का आरोप है कि उसने सीएमओ को बताया तो उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। चिकित्सक का कहना है कि वह इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे। उन्होंने आरोपी कर्मचारी की संपत्ति की जांच कराए जाने की मांग की।
विदित हो कि करीब दो माह पूर्व सीएमओ कार्यालय पर चिकित्सा प्रतिपूर्ति पटल पर नियुक्त राकेश कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।