क्रिकेट खिलाड़ी ऑफ लाइन पंजीयन करें
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश की सभी आयु वर्गों की क्रिकेट टीमों के लिए वर्ष 2021-22 हेतु खिलाड़ियों का ऑफ लाइन पंजीकरण 16 जुलाई से 31 जुलाई तक किया जाएगा। मुजफ्फरनगर और शामली के अंडर 14, 16, 19, 23 और सीनियर महिला व पुरुष वर्गों में इच्छुक खिलाड़ी अपने पंजीकरण फॉर्म, अलमासपुर स्थित मैग स्पोर्ट्स अकादमी कार्यालय में सुबह साढ़े नौ बजे से डेढ़ बजे तक प्राप्त कर सकते हैं। संपूर्ण रूप से भरे फार्म जमा कराने का कार्य 25 जुलाई से किया जाएगा। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव विकास राठी ने बताया कि फॉर्म 31 जुलाई तक ही लिए जा सकेंगे। एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए फॉर्म के लिए आने वाले सभी खिलाड़ियों को कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखना होगा और बिना मास्क लगाए किसी भी खिलाड़ी को फार्म नही दिया जाएगा।