श्मशान फुल, छह शवों को शुक्रताल में हुआ अंतिम संस्कार
मुजफ्फरनगर। शहर में श्मशान घाटों में जगह नहीं होने के कारण छह शवों को शुक्रताल में गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। बुधवार शहर के श्मशान घाटों और कब्रिस्तानों में कुल 65 लोगों की अंतिम क्रिया हुई। इनमें कोरोना से मरने वाले 16 लोग भी शामिल है।
शहर के नदी घाट स्थित श्मशान घाट में 16 लोगों का अंतिम संस्कार हुआ। इनमें पांच कोरोना के मृतक शामिल रहे। परोपकारी समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि जब उनके यहां जगह नहीं रही तो हमने छह शवों को शुक्रताल भिजवाया है। इनमें भी एक कोरोना से मृतक रहा। नई मंडी स्थित श्मशान घाट में बुधवार को 15 का अंतिम संस्कार हुआ। इनमें आठ शव कोरोना से मृतकों के रहे। जनकपुरी स्थित श्मशान घाट में आठ का अंतिम संस्कार हुआ, जिनमें एक शव कोरोन से संक्रमित का रहा। इनके अलावा शहर के सरवट के कब्रिस्तान में सात, लद्दावाला में आठ, खालापार में पांच को सुपुर्द ए खाक किया गया। इनमें एक कोरोना से मृतक था।
शव के लिए 500 रुपये में दे रहे एंबुलेंस
नदी घाट श्मशान घाट की परोपकारी सेवा समिति ने संकट की इस घड़ी में बड़ा कदम उठाया है। श्मशान घाट की गाड़ी को शव को श्मशान तक पहुंचाने के लिए मात्र 500 रुपये में दिया जा रहा है। 15 मिनट में गाड़ी मौके पर पहुंच रही है। समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि उनके पास तीन गाड़ियां हैं। जो लोग पैसा देने में असमर्थ हैं, कोई महात्मा या फकीर है या लावारिश है, उनके लिए नि:शुल्क व्यवस्था है। उनके यहां मोबाइल नंबर 9997774040 पर फोन कर सहायता ली जा सकती है।