हर विधानसभा में कोविड सेंटर खुलेगा
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मरीजों को देखते हुए प्रशासन ने अब हर विधानसभा क्षेत्र में एक कोविड सेंटर खुलाने का निर्णय लिया है। इन कोविड सेंटर खोलने में क्षेत्रीय विधायकों का सहयोग लिया जाएगा। उनकी विधायक निधि से उपकरण, ऑक्सीजन सिलिंडर, दवाईयों आदि की खरीदारी की जाएगी।
जनपद में कोविड के केस पांच हजार से अधिक हैं। रोजाना काफी संख्या में मरीज मिल रहे हैं। मरीज भर्ती नहीं हो रहे हैं। ऐसे में प्रशासन ने हर विधानसभा में कोविड सेंटर खोलने का निर्णय लिया है। सीएमओ डॉ एमएस फौजदार ने बताया कि खतौली, बुढ़ाना, चरथावल, सदर, पुरकाजी और मीरापुर क्षेत्र में यह कोविड सेंटर खोले जाएंगे। विधायकों के सहयोग से इन सेंटरों को एल-1 के अस्पताल बना कर 50 बेड की व्यवस्था की जाएगी। देहात के मरीजों को इन सेंटर में भर्ती कराया जाएगा। शनिवार को उन्होंने बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक के साथ बुढ़ाना का भ्रमण किया। यहां खतौली मोड़ पर एक अस्पताल को कोविड सेंटर बनाने के लिए चुना गया है। इसके अलावा उन्होंने पुरकाजी में भी विधायक प्रमोद उटवाल और एसडीएम दीपक कुमार के साथ भ्रमण किया। यहां पर मुस्कान लाइफ केयर सेंटर को कोविड अस्पताल बनाने का निर्णय लिया गया।
पुरकाजी कस्बे के बाहरी छोर पर स्थित मुस्कान लाइफ केयर सेंटर को प्रशासन द्वारा कोविड एल-1 सेंटर बनाये जाने की तैयारी की जा रही है। अफसरों ने केयर सेंटर स्वामी डॉ शाहनवाज गौर से कोविड एल 1 सैंटर बनाने को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि ब्लॉक पुरकाजी के मरीजों की पुरकाजी पीएचसी पर कोविड जांच की जाएगी। जांच में जो लोग पॉजिटिव निकलेंगे और उनमें से जिन मरीजों को ऑक्सीजन की आवश्यकता होगी। उन मरीजों को कोविड एल-1 सेंटर में भर्ती किया जाएगा। जहां पर मरीजों के लिए ऑक्सीजन व अन्य उपचार की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इस दौरान विधायक प्रमोद उटवाल, सीएमओ डॉ एमएस फौजदार, एसडीएम सदर दीपक कुमार, डॉ अरुण कुमार मौजूद रहे।