मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। कस्बे में पुराने हाईवे पर थाने के बाहर भाकियू नेता के मेडिकल स्टोर को रात के समय जेसीबी से तोड़ दिया गया। इसके विरोध में भाकियू नेता दुकान के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस पर दुकान तोड़ने वाले लोगों पर साठगांठ का आरोप लगाया। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने, दुकान की मरम्मत नहीं करवाने पर एसएसपी कार्यालय पर कूच करने की चेतावनी दी।
कस्बे में पुराने हाईवे पर थाने के मुख्य गेट के पास करीब 40 वर्षों से मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान है। दवा व्यापारी दामोदर अग्रवाल का 2008 में निधन हो जाने पर उनकी पत्नी रजनी अग्रवाल अपने पुत्र भाकियू नेता वंश अग्रवाल के साथ मेडिकल स्टोर का संचालन कर रही हैं। कुछ दिन पूर्व दुकान मालिक ने मार्केट बनाने की बात करते हुए दुकान खाली करने के लिए कहा था, इस पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया था। यह प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।
मंगलवार रात करीब सवा बजे स्विफ्ट कार सवार कुछ लोग दो जेसीबी लेकर आए और मेडिकल स्टोर की छत व शटर तोड़कर चले गए। आवाज सुनकर आस पास के लोगों ने मामले की जानकारी दवा व्यापारी को दी तो वह मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी। भाकियू नेता मोनू प्रधान कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए और दुकान के सामने ही धरने पर बैठ गए।
पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया मगर वह नहीं माने। बुधवार को भाकियू के प्रदेश महासचिव जहीर फारूकी, जिलाध्यक्ष नवीन राठी के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और अनिश्चितकालीन कालीन धरना शुरू कर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। चेतावनी दी गई कि आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई और तोड़ी गई दुकान का निर्माण नहीं कराया गया तो बृहस्पतिवार को डीएम व एसएसपी कार्यालय की तरफ कूच किया जाएगा।
धरने पर पहुंचे एसओ पुरकाजी जयवीर सिंह ने जेसीबी बरामद करने व शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एसडीएम सदर निकिता शर्मा व सीओ सदर राजू कुमार साव धरना स्थल पर पहुंचे और भाकियू नेताओं से वार्ता की। उन्होंने बताया कि तीन आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों जेसीबी भी कब्जे में ले ली गई हैं। भाकियू नेताओं ने कस्बा इंचार्ज को हटाने की मांग की।
धरने पर त्यागी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी, भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, विवेक राठी, प्रताप सिंह, संजय त्यागी, रिया, आदिल फरीदी, हाफिज मोहसिन, मंगता हसन, दीपक माहेश्वरी, शादी राम पाल आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता प्रताप सिंह व संचालन मोनू प्रधान व आदिल फरीदी ने किया।
- मेरे पास आया था 10 लाख में दुकान तुड़वाने का ऑफर : मांगेराम
मांगेराम त्यागी ने कहा कि अधिकतर थाने और पुलिस चौकियां अवैध बनी हुई हैं। अगर एसएसपी के पास कागज हैं तो वह कागज लाकर दिखाएं। पुरकाजी दुकान तुड़वाने के लिए 10 लाख रुपये की ऑफर मेरे पास आई थी। मैंने ऑफर ठुकरा दिया था। उन्होंने कुछ लोगों पर सत्ता के नशे में लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।