-विद्यालयों के प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट पर लॉगिन कर शैक्षिक विवरणों में कर सकेंगे सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को शैक्षिक विवरणों में त्रुटियां सुधारने का अवसर दिया है। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल दो नवंबर से 12 नवंबर तक खुला रहेगा। विद्यालयों के प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट पर लॉगिन कर परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों में संशोधन कर सकेंगे।
परीक्षा प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि छात्र-छात्राएं विषय, वर्ग, नाम, माता-पिता के नाम, जेंडर, जाति और माध्यम से संबंधित गलतियां ठीक करा सकेंगे। कक्षा 11वीं के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के गलत अनुक्रमांक में भी संशोधन किया जा सकेगा। यह सुविधा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर 12 नवंबर की रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
जन्मतिथि में संशोधन, छात्र या माता-पिता के पूरे नाम में बदलाव के लिए ऑफलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं के विवरण को डिलीट या रिस्टोर कराने से संबंधित आवेदन भी ऑफ लाइन जमा होंगे। प्रधानाचार्यों को सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ 16 नवंबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आवेदन जमा कराने होंगे। उन्हें निर्धारित समय सीमा में परीक्षार्थियों के अभिलेखों की जांच कर त्रुटियों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।