कोरोना मरीज की मौत, 41 केस मिले
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण से एक मरीज की मौत हो गई। अब तक जिले में 103 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। बृहस्पतिवार को 41 नए केस मिले हैं।
सीएमओ डा. प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि गांव साल्हाखेड़ी निवासी 58 वर्षीय ग्रामीण को कोरोना संक्रमित मिलने पर 12 दिसंबर को बेगराजपुर के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान बुधवार रात उसकी मौत हो गई। कोरोना प्रोटोकॉल के तहत शव का दाह संस्कार कराया गया।
उधर, बृहस्पतिवार को आए सैंपलों की जांच और रैपिड एंटीजन टेस्ट में 41 नए मरीज कोरोना के मिले हैं। शहर में 25 मरीज, बघरा में एक, बुढ़ाना में एक, चरथावल में दो, खतौली में पांच, मोरना में तीन, पुरकाजी में दो, शाहपुर में एक मरीज मिला है। जनपद में अब तक कोरोना के 7853 केस मिल चुके हैं, जिनमें से 7366 मरीज ठीक हो गए हैं। बृहस्पतिवार को भी 36 मरीजों ने कोरोना को मात दी। इसके बावजूद अभी भी जिले में कोरोना के 387 मरीजों का उपचार चल रहा है।