कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराया
मुजफ्फरनगर। कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों के बीच शासन द्वारा लागू किए गए कोरोना कर्फ्यू का बृहस्पतिवार को पहली बार सख्ती से पालन कराया गया। एक वर्ष पूर्व की तरह एक बार फिर पुलिस ने कोरोना के खिलाफ अग्रिम मोर्चा संभाला। सुबह नौ बजे निर्धारित अवधि पर बाजार बंद कराने के साथ ही 11 बजे से सड़कों पर राहगीर व वाहनों का आवागमन भी पूरी तरह से रोक दिया गया।
शुक्रवार रात आठ बजे से लागू हुए कोरोना कर्फ्यू दस मई की सुबह सात बजे तक कर दिया गया है। कोरोना कर्फ्यू के बावजूद लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों के मद्देनजर एक बार फिर पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार सुबह से ही थानों से निकलकर पुलिस सड़कों पर जा पहुंची और सुबह नौ बजने के साथ ही आवश्यक वस्तुओं की खुली हुईं दुकानों को बंद करा दिया। सब्जी मंडी व दाल मंडी समेत सभी किराना शॉप बंद करा दी गई। यही नहीं, सड़क पर अब तक बेरोक-टोक ठेलियां लगाकर फल-सब्जी बेच रहे विक्रेताओं को भी हटा दिया गया। इसके बाद सुबह 11 बजे से पुलिस ने शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर मोर्चा संभाल लिया और बेरिकेडिंग लगाते हुए हर तरह के आवागमन को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया।
खुले रहे मेडिकल स्टोर, तीमारदार ही पहुंचे
मुजफ्फरनगर। कोरोना कर्फ्यू के दौरान बृहस्पतिवार को शहर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर खुले रहे। हालांकि कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराए जाने के चलते केवल मरीजों के तीमारदार व जरूरतमंद लोग ही दवाएं खरीदने के लिए पहुंचे। इसके साथ ही दूध डेरियां और किराना स्टोर भी निर्धारित समय में ही खोले गए।
एसएसपी ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। कोरोना कर्फ्यू के दौरान बृहस्पतिवार दोपहर एसएसपी अभिषेक यादव भी सड़क पर निकले और सभी प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद एसएसपी रोडवेज बस स्टैड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए ड्यूटी करने और किसी को भी अनावश्यक सड़कों पर नहीं घूमने देने के निर्देश दिए।