रतनपुरी क्षेत्र में गंगनहर में समाया कंटेनर।
- फोटो : KHATAULI
रतनपुरी/खतौली। कांवड़ पटरी मार्ग पर गांव सठेड़ी पुल के पास स्क्रैप लेकर जा रहा कंटेनर बाइक को बचाने के प्रयास में गंगनहर में घुस गया जबकि ट्रक का केबिन झाड़ियों में उलझ गया। हादसे में चालक घायल हो गया। पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया।
मेरठ के सरुरपुर थाना क्षेत्र के गांव खिवाई निवासी चालक आस मोहम्मद पुत्र वीनू कंटेनर में स्क्रैप लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। जब वह रतनपुरी क्षेत्र में सठेड़ी गंगनहर पटरी मार्ग पर पहुंचा, तो एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कंटेनर अनियंत्रित होकर गंगनहर में जा गिरा। ट्रेलर के पीछे रखा स्क्रैप का कंटेनर गंनहर में समा गया जबकि ट्रक ट्रेलर का केबिन गंगनहर पटरी पर स्थित झाड़ियों में उलझ गया। चालक आस मोहम्मद ट्रक से कूदने के प्रयास में सीट के बीच में बुरी तरह फंस गया। राहगीरों ने ट्रक गंगनहर में गिरने की सूचना गंगनहर पुल पर तैनात पुलिसकर्मियों को दी। प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फंसे चालक को बाहर निकालकर खतौली अस्पताल भेजा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रक को बाहर निकाला जबकि गंगनहर में समाए कंटेनर को निकालने के प्रयास जारी थे।