चरथावल। शनिवार को भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष विकास शर्मा और कुटेसरा प्रधान के पति ईशा के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने हादसों की रोकथाम के लिए खतरनाक पुलिया पर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने कहा कि सालभर में सैकड़ों लोग तीव्र मोड़ और क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं, जबकि आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई है।
शनिवार को किसानों द्वारा बेमियादी धरने की खबर लगने पर कुटेसरा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सूचना दी। विभाग के जेई ने मौके पर जेसीबी मशीन लगवाकर संकरी पुलिया की दोनों तरफ मिट्टी भराव का कार्य कराया। किसानों ने श्रमदान की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए मिट्टी भराव कराया। जेई द्वारा शीघ्र ही चौड़ी पुलिया के निर्माण कराने का भरोसा देकर किसानों को शांत किया। नगर अध्यक्ष अभिषेक बंसल, ईशा त्यागी, कन्नू त्यागी, शीलू त्यागी, इकबाल, सोनू त्यागी, विनय त्यागी चौकड़ा आदि मौजूद रहे।