रतनपुरी। त्रिवेणी शुगर मिल खतौली के रतनपुरी गन्ना तौल केंद्र पर घटतौली का आरोप लगाते किसानों ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों में कार्रवाई का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया।
बृहस्पतिवार को किसान आदेश कुमार गन्ना तुलवाने के लिए तौल केंद्र पर गया था। कांटे पर गन्ना तुलवाया, तो तौल कुछ कम निकली। इसके बाद उसने अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली को अलग अलग दो धर्मकांटों पर तुलवाया। जहां तौल में दो क्विंटल सात किलो गन्ना ज्यादा निकला। आदेश ने यह बात अन्य किसानों को बताई। सभी एकत्र होकर तौल केंद्र लिपिक दीपक कुमार के पास पहुंचे और घटतौली का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। जिस पर तौल लिपिक फरार हो गया। सूचना पर शुगर मिल से डिप्टी केन मैनेजर बलविंद्र राठी और सुपरवाइजर कपिल कुमार तौल केंद्र पर पहुंचे। किसानों की मांग पर शुगर मिल खतौली से तकनीशियन बुलाए गए। उन्होंने कांटे को चेक करके दुरुस्त किया। इसके बाद तौल शुरू की जा सकी। हंगामे के कारण करीब दो घंटे तक तौल बंद रही। जिसके कारण तौल केंद्र पर ट्रैक्टर ट्रॉलियों की लाइन लग गई।