शीतलहर और कोहरे का कहर जारी
मुजफ्फरनगर। जिलेभर में शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। मंगलवार रात से ही कोहरे की सफेद चादर बिछ गई। बुधवार को भी पूरे दिन सूरज नहीं निकला। शीतलहर और कोहरे के कारण तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान भी कम होता हुआ 10.00 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। अधिकतम तापमान कम होने के कारण हाड़ कंपा देने वाली ठंड से जनजीवन प्रभावित है। कोहरे और सर्दी का असर बाजार से लेकर यातायात पर भी पड़ रहा है।
दिसंबर के अंतिम दिनों में ठंड रौद्र रूप में आ गई है। बुधवार अलसुबह आसमान में कोहरे की सफेद चादर बिछी रही। घना कोहरा छाने से यातायात प्रभावित हो गया। हालात ऐसे रहे है कि दो मीटर की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दिया। कोहरे और शीतलहर के प्रकोप से जनजीवन प्रभावित रहा। दिन ढलते ही बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। समय से पहले बाजार बंद हो रहे हैं।
बेपटरी हुआ बाजार
मुजफ्फरनगर। बढ़ती ठंड का असर जनजीवन के साथ रोजी-रोटी पर भी दिखाई दे रहा है। देर रात तक गुलजार रहने वाले बाजार पर शीतलहर का प्रकोप पड़ गया है। व्यापारी समय से पहले दुकानों को बंद कर घर में कैद हो रहे हैं। जबकि ग्राहकों की आवक घटने से व्यापार भी प्रभावित होने लगा है। ऐसे ठंड के बढ़ने से स्थिति अधिक बेपटरी हो गई। उधर, सुबह और शाम को कोहरे और शीतलहर के चलते रेल के साथ सड़क यातायात भी प्रभावित हो गया है। बसें देरी से रवाना हो रही हैं, जबकि ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से लेट स्टेशन पर पहुंच रही हैं। इसके चलते आम के साथ दैनिक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सर्दी के कारण बसों में यात्रियों की संख्या कम हो रही है। मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि डिपो को रोजाना करीब पांख लाख को नुकसान हो रहा है।
बुजुुर्ग और बच्चों के लिए खतरा
मुजफ्फरनगर। बढ़ती ठंड बुजुर्ग और बच्चों के लिए खतरे से खाली नहीं है। शहर के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ रविंद्र सिंह कहते है कि सुबह और शाम में बुजुर्ग और बच्चों की देखभाल अधिक रखने की जरूरत है। ऐसे में बच्चों को सुबह-शाम घर से बाहर न निकालें। साथ ही बुजुर्गों का भी ख्याल रखा जाना जरूरी है।
जिले में स्कूल, कॉलेज एक जनवरी तक बंद
मुजफ्फरनगर। जिले में शीतलहर के चलते अत्यधिक ठंड होने सें स्कूल कॉलेज एक जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि डीएम के आदेश पर समस्त डिग्री कालेज, व्यावसायिक कालेज, मेडिकल कालेज, मदरसा बोर्ड, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय, परिषदीय स्कूल, इंटर कालेज, आईसीएसई, सीबीएसई, बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूल 26 दिसंबर से एक जनवरी 2020 तक बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा प्रस्तावित है वह विद्यालय 27 दिसंबर के बाद प्रयोगात्मक परीक्षा कराएंगे।