कोल्डड्रिंक पीने से बीमार हुए बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन के महमूदनगर में खराब कोल्ड ड्रिंक्स पीने से एक परिवार के चार बच्चों की हालत बिगड़ गई। उसी को पीने से पड़ोस के भी एक और बच्चे की हालत खराब हो गई। पांच की तबियत बिगडने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार पड़ोस का ही युवक कोल्ड ड्रिंक्स देकर गया था। युवक अभी फरार है।
महमूद नगर निवासी मोहम्मद मुर्तजा की मोहल्ले में ही मकान में टेलरिंग की दुकान है। शुक्रवार देर रात तक वह दुकान पर कपड़ों की सिलाई कर रहा था। रात करीब 12 बजे मोहल्ले का ही एक युवक शर्ट सिलवाने के लिए मुर्तजा की दुकान पर पहुंचा। शर्ट का माप दिया और साथ लाई कोल्ड ड्रिंक्स को देकर सबसे उसे पीने के लिए कहने लगा।
मुर्तजा घर में मौजूद अपने चारों बच्चों और पड़ोस के ही एक और अन्य बच्चे को कोल्ड ड्रिंक पिला दिया। सबके पीने के बाद आरोपी युवक वहां से चला गया। करीब दो घंटे बाद सभी बच्चों की तबियत बिगड़नी शुरू हो गई। उल्टियां लगने से बच्चे तड़पने लगे। चार बच्चों की हालत बिगड़ने पर परिवार में हड़कंप मच गया। ज्यादा हालत खराब होते देख परिजन रात में ही बच्चों को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे।
अस्पताल में फरजाना (17), फरमाना (12), फरहाना (10) और फरमान (8) को भर्ती कराया गया। बाद में पड़ोस के जावेद (17) की भी हालत बिगड़ने पर उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले को देखते हुए चिकित्सकों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की।
परिजनों द्वारा पड़ोस के युवक की ओर से कोल्ड ड्रिंक्स देने की बात सामने आने पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बताया गया कि आरोपी काफी दिनों से पड़ोस में ही अपने मकान में रहता था। कुछ दिन पूर्व उसने अपना मकान बेच दिया था और अब वह कहां रहता है, किसी को कुछ नहीं पता। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।