बंद हुआ नाला, कॉलोनी में बह रहा पानी
मुजफ्फरनगर। नालों की सफाई के साथ ही उन्हें दुरुस्त करने तथा बंद पड़े नालों को खोलने में नगर पालिका एक बार फिर पिछड़ गई है। बारिश आने को है। नालों की दशा नहीं सुधरी तो शहर को फिर से जलमग्न होना पड़ेगा। जल निकासी के महत्वपूर्ण रुड़की रोड का नाला भी बदहाल पड़ा है। यह रामपुरी गेट से कुछ दूर तक तो नजर आता है लेकिन इसके बाद बंद है। नाले का गंदा पानी कॉलोनी की नालियों से होता हुआ बह रहा है।
रुड़की रोड पर रामपुरी गेट के बाहर से एक नाला जिला अस्पताल साइड में बना हुआ है। इसका बहाव जिला अस्पताल की ओर को है। यह लद्दावाला के नाले में मिलता है। रामपुरी के पास तो नाला दिखाई देता है लेकिन इसके आगे और पूरी तरह बंद हो गया है। नाले पर कुछ दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है जिसके चलते पानी जिला अस्पताल की ओर बहने के बजाय रामपुरी कॉलोनी की नालियों में जा रहा है। रामपुरी गेट के पास भी जितना नाला बचा है, वह भी टूटा हुआ है। यहीं पर डलावघर बना हुआ है जिसके चलते आवारा पशु नाले में घुसे रहते हैं।
बोले नागरिक...
करीब एक साल से नाला टूटा पड़ा है। गंदा पानी रामपुरी मोहल्ले की नालियों से होते हुए लद्दावाला तक जा रहा है। बारिश में हालात बेहद खराब हो जाते हैं।
- बाबू अली।
यह नाला कुछ ही दूरी तक दिखाई देता है। आगे और पीछे पूरी तरह बंद हैं। कुछ लोगों ने मिट्टी डालकर इसे बंद कर दिया है जिससे जल निकासी ठप रहती है।
- प्रदीप वाल्मीकि।
रामपुरी गेट पर हर साल बरसात के दिनों में जलभराव रहता है। गंदगी और बदबू के कारण यहां खड़े होना भी मुश्किल हो जाता है। इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा।
- मंजूर अहमद।
दो दिन पहले एसडीएम और नगर पालिका के अधिकारी आए थे। उन्होंने नाले की सफाई एवं बंद पड़े नाले को खुलवाने की बात कही थी लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है।
- शुएब अहमद।
बरसात आने को है। बारिश होते ही यहां हालात बदतर हो जाएंगे। जब भी बारिश होती है पानी चारों तरफ फैल जाता है। जल्द ही नाले को दुरुस्त किया जाना चाहिए।
- निसार खां।