मुजफ्फरनगर के रायपुर नंगली गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को खेलते समय कक्षा चार का 10 वर्षीय छात्र अचानक गिर गया। शिक्षक और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने हृदय गति रुकने से मौत होने की बात कही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पटेल जयंती कार्यक्रम के बाद मैदान में खेल रहे थे बच्चे
रायपुर नंगली के प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बच्चे स्कूल के मैदान में खेलने लगे। इसी दौरान ग्रामीण प्रमोद कुमार का 10 वर्षीय बेटा निहाल भी अन्य बच्चों के साथ दौड़कर खेल रहा था।
खेलते-खेलते निहाल अचानक मैदान में गिर पड़ा। उसे गिरता देख साथी बच्चे घबरा गए। शिक्षकों और ग्रामीणों ने तुरंत उसे उठाया और उपचार के लिए स्थानीय डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे।
बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित
स्थानीय डॉक्टर ने निहाल की हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद निहाल को मृत घोषित कर दिया।
हृदय गति रुकने से मौत की बात
निहाल के पिता प्रमोद कुमार ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने हृदय गति रुकने के कारण बेटे की मौत होने की जानकारी दी। स्कूल में खेलते समय अचानक हुई इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।