चरथावल। सिकंदरपुर गांव में हुई पंचायत में दो पक्षों में संघर्ष में मारपीट और पथराव में किशोर सहित चार लोग घायल हो गए। दो दिन पूर्व बच्चों में हुए विवाद को लेकर मौअज्जिज लोगों की पंचायत बुलाई गई थी।
गांव में दो दिन पहले दो पक्षों के बच्चों में कहासुनी और विवाद हुआ था। शुक्रवार को दोनों पक्षों का मनमुटाव खत्म कराने को लेकर प्रकरण में सुलहनामा कराने के लिए पंचायत हुई। इसी बीच तकरार के बाद धीर सिंह और नेपाल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। जमकर नोंकझोक और गाली गलौज हुई। पंचायत में दोनों पक्ष के लोग लाठी डंडे लेकर आ धमके। हंगामा और मारपीट के बीच पथराव किया गया, जिसमें धीर सिंह, वीशशू और वंशपाल और दूसरे पक्ष के नेपाल घायल हो गए। सभी को सीएचसी भर्ती कराया गया। यहां से गंभीर हालत में धीर सिंह को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। सुखपाल की तरफ से आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने बताया मुकदमा कायम कर कार्रवाई की जाएगी।