संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा। रहमतपुर गांव में मामूली बात पर दो पक्षों के बीच लाठी डंडे और धारदार हथियार चले। दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव रहमतपुर निवासी सोनू की ससुराल गांव बागोवाली में है। सोनू की पत्नी मीनाक्षी ने अपनी चचेरी बहन परीता की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व रहमतपुर गांव निवासी संदीप से कराई थी। दो-तीन दिनों से परिता और उसके पति संदीप में किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। रविवार को संदीप की बहन पूजा की मांग भराई की रस्म चल रही थी। दोनों के मनमुटाव के चलते परीता के मायके वाले सुमित, भूरा, मोहित, विनोद, नेत्रपाल, मुकेश, गुड्डो निवासी बागोवाली और रहमतपुर निवासी सोनू और उसकी पत्नी परीता आदि संदीप के घर पहुंच गए। दोनों पक्षों में वहां बहस के बाद मारपीट हो गई। एक पक्ष से बागोवाली पक्ष की तरफ से सुमित,भूरा, सोनू, मीनाक्षी, मोहित, विनोद, नेत्रपाल, मुकेश, गुडडो आदि घायल हो गए।
पुलिस ने पहुंच कर मामला संभाला। घायलों को भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। एक घायल को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। दूसरे पक्ष संदीप का आरोप है कि मारपीट में विकास, सुमन, नीटू, मांशी, गुड़िया, संदीप आदि घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी पर भर्ती कराया। पुलिस ने कहा कि अभी तहरीर नहीं आई हैं।
चढ़त में पंसदीदा गाना बजाने को लेकर भिड़े बराती-घराती युवक
मोरना। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव टंढेडा में अनुसूचित जाति के एक परिवार में बरात आई थी। दोपहर के समय चढ़त हो रही थी। इसमें बराती व घराती युवक नाच रहे थे। इसी दौरान बराती युवकों ने डीजे पर अपनी पसंद का गाना बजवाना चाहा। घराती पक्ष के युवकों ने दूसरा गाना बजाने को कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों में नाराजगी हो गई, जो विवाद होने पर मारपीट तक जा पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सरवन गांव सिलाजुड्डी थाना नई मंडी और अंगूरा निवासी गांव टंढेडा थाना ककरौली को गिरफ्तार कर लिया। दोनों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शादी की रस्म में कोई परेशानी नहीं आई।