- परीक्षा में 22वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम किया रोशन
- परिवार में खुशी, शुभ चिंतकों ने घर पर पहुंचकर दी बधाई
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की परीक्षा वर्ष 2021 के परिणाम में शहर की बेटी मनी त्यागी ने 22वीं रैंक हासिल की है। उन्हें डिप्टी कलेक्टर का पद मिलेगा।
शहर के मोहल्ला ब्रहमपुरी निवासी अधिवक्ता मुकुल प्रकाश त्यागी की बेटी मनी त्यागी ने एचपीएससी परीक्षा में कामयाबी पाकर जिले का नाम रोशन किया है। शिक्षा के प्रति लगनशील मनी ने भागवंती इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और 12वीं उत्तीर्ण की। उन्होंने डीएवी डिग्री कॉलेज से बीएससी और एमएससी तक शिक्षा प्राप्त की। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें एमएससी में स्वर्ण पदक से अलंकृत किया गया था। डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयन की खुशियों से परिजन और परिचित प्रफुल्लित हैं। मनी के दादा स्वर्गीय आनंद प्रकाश त्यागी शहर के आर्य समाज रोड स्थित डीएवी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य रह चुके हैं।
मनी त्यागी का कहना है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। डेढ़ वर्ष की तैयारी के बाद उन्होंने यह सफलता पाई है। समाज सेवा के उद्देश्य से उन्होंने सिविल सेवा का चयन किया और कामयाबी के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के उत्साहवर्धन के अलावा कमल क्लासेस के शिक्षक कमल त्यागी को दिया है। उनका कहना है कि विद्यार्थी ज्यादा पाठ्य सामग्री एकत्रित करने या पढऩे के बजाए चयनित पाठ्यक्रम बार-बार पढ़ें। स्वयं बनाए गए नोटस महत्वपूर्ण होते हैं। उनका अगला लक्ष्य यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण करना है। मनी को बधाई देने वालों में रविंद्र कुमार, कपिल कुमार, अक्षत त्यागी, शरद, सिमरन, प्रिया चौधरी, रीना, लक्ष्मी, अभिषेक शामिल रहे।