मुजफ्फरनगर। नगर पालिका के कूड़े से जैविक खाद बनाने के प्लांट का शुभारंभ रविवार को हो गया। यहां 300 मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण प्रतिदिन होगा। शहर के कूड़े के जो ढेर लगे हैं वह नौ माह में पूरी तरह समाप्त हो जाएंगे। चेयरपर्सन ने कहा कि कूड़ा निस्तारण का उनका सपना आज साकार हो गया है।
नगर पालिका की महत्वाकांक्षी योजना सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के अंतर्गत किदवईनगर स्थित 300 मीट्रिक टन क्षमता के आधुनिक सॉलिड वेस्ट प्लांट का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने बटन दबाकर किया। आधुनिक प्लांट का संचालन होते ही कूड़े से जैविक खाद बनना प्रारंभ हो गया है।
चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने कहा कि बोर्ड के तीन वर्ष दो माह के कार्यकाल में कूड़ा निस्तारण की इस बड़ी योजना आज साकार हुई है। यहां 84 बीघा जमीन पर कूड़े के जो ढेर लगे हैं, इस प्लांट के माध्यम से आगामी नौ माह में पूरा कूड़ा साफ हो जाएगा। कूड़े के पहाड़ यहां दिखाई नहीं देंगे। इसके बाद हम अन्य निकायों का कूड़ा खरीदने की स्थिति में हो जाएंगे।
पारदर्शिता के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे प्लांट पर लगवाए हैं। यथाशीघ्र प्लांट का एक ऐप बन जाएगा, जिसे पूरा बोर्ड घर बैठे ही इसके संचालन को देख सकेगा। बहुत जल्दी फेस टू में 300 मीट्रिक टन प्रतिदिन कूड़ा निस्तारण का एक और प्लांट इसी स्थल पर लग जाएगा।
मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार, ईओ हेमराज सिंह, सभासद नरेश चंद मित्तल, प्रेमी छाबड़ा, विपुल भटनागर, विकास गुप्ता, प्रियांशु जैन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रविंद्र सिंह राठी, मुख्य सफाई निरीक्षक राजीव कुमार, संजय पुंडीर, उमाकांत शर्मा, पूरन चंद पाल, प्रियेश कुमार मौजूद रहे।