पार्किंग बन गई शहर की सड़कें, हो रहा अतिक्रमण
मुजफ्फरनगर। शहर की मुख्य सड़कें पार्किंग बन गई हैं। सड़कों पर कुछ दुकानदारों, रेहड़ी, ठेली वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग भी सड़क के बीच में वाहन खड़े करते हैं। अतिक्रमण के कारण रोजाना शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है।
दिन का कोरोना कर्फ्यू खत्म होने के बाद भी प्रशासन का ध्यान शहर में बढ़ते अतिक्रमण की ओर नहीं है। इसका फायदा उठाकर कुछ दुकानदारों ने दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर लिया है। रेहड़ी और ठेलों वालों ने सड़कों पर ही दुकान बना ली। वैसे तो शहर में हर मार्ग इस समय अतिक्रमण की चपेट में है। शहर की मुख्य सड़कों भगत सिंह रोड, रुड़की रोड, एसडी कॉलेज मार्केट रोड, झांसी रानी रोड पर सबसे अधिक अतिक्रमण किया गया है। व्यस्ततम चौक पर चारों ओर फड़, ठेली वालों का जमावड़ा रहता है। घर से अपना वाहन लेकर खरीदारी करने आए लोग सड़क पर अपना वाहन खड़ा कर देते हैं। एसडी मार्केट के सामने डिवाइडर के दोनों ओर व रुड़की रोड पर कई स्थानों पर तो बाइकों की कतार लगी रहती है। जिससे आवागमन प्रभावित रहता है।
अतिक्रमण से कांवड़ियों को होगी परेशानी
इस माह कावंड़ यात्रा भी शुरू हो रही है। शहर की रुड़की रोड, भगत सिंह रोड, झांसी रानी मार्ग, मेरठ रोड से होकर शिव भक्त कांवड़िए गुजरते हैं। अभी से इन सड़कों को अतिक्रमण मुक्त नहीं किया गया, तो कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों को भी परेशानी उठानी पड़ेगी।
कार्ययोजना तैयार होते ही चलेगा अभियान
शहर की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमणपर चुनाव में व्यस्तता के कारण इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। हालांकि इस संबंध में नगर पालिका ईओ, पुलिस प्रशासन, व्यापारी संगठनों को कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। एक-दो दिन में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करा दिया जाएगा - अभिषेक सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट