चीनी कंपनी के ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर दे रहे धोखा
मुजफ्फरनगर। कोरोना महामारी के चलते बाजार में ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर की डिमांड बढ़ने से चीनी कंपनियों का रिजेक्ट मॉल भी बाजार में आ गया है। ऑक्सीमीटर लगातार कम ऑक्सीजन दिखा रहे हैं। थर्मामीटर से बुखार का पारा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। चिकित्सकों के क्रास चेक करने के बाद यह सामने आया है।
डिमांड बढ़ने के कारण दिल्ली के व्यापारियों ने चीन से आने वाला वह सामान भी बाजार में उतार दिया है, जो रिजेक्ट कर दिया गया था। पैसा कमाने के लालच में जनता को धोखा दिया जा रहा है। शहर में सैकड़ों ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लोगों को बुखार नहीं हो पाने के बाद भी थर्मामीटर 99 और 100 बुखार दिखा रहा है। चिकित्सक के यहां जांच कराई और उसने अपने थर्मामीटर से देखा तो भेद खुला। पटेलनगर के मुनीम कॉलोनी के मनोज गुप्ता के साथ ऐसा हुआ है। ऑक्सीमीटर को लेकर भी यही हालत है। नईमंडी निवासी सुमित रोहल ने अपना ऑक्सीजन चेक किया, तो वह 80 आया। उसको किसी तरह की कोई प्रॉब्लम नहीं थी। उसने अपने दोस्तों और चिकित्सक से बात की। इस संबंध में शहर के लक्ष्मी सर्जिकल के मालिक आदर्श कुमार से बात हुई, तो उसने बताया कि दिल्ली के कुछ बड़े व्यापारियों ने बाजार में सस्ता और रिजेक्ट माल उतार दिया है। कुछ दुकानदारों ने जानबूझकर इस तरह का माल लिया है। सस्ते के चक्कर में लोग इस माल को भी खरीद ले गए। हमने अपनी दुकान पर इस तरह का सस्ता माल बेचा ही नहीं। बाजार में अधिकतम थर्मामीटर और ऑक्सीमीटर चीन निर्मित ही हैं।