फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले पर नजर, हिंदुत्व के एजेंडे को धार

Fri, 05 Apr 2019 12:03 AM IST
Deepak Kausik अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
रैली के दौरान मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते भाजपा नेता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर के रामराज में हुई विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंदुत्व के एजेंडे को धार देने के साथ सोशल इंजीनियरिंग का फार्मूले पर भी दांव खेला। रामराज को नगर पंचायत का दर्जा देने का भरोसा भी दिया। बिजनौर लोकसभा क्षेत्र की हस्तिनापुर और मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में गुर्जर वोटरों की संख्या अच्छी खासी है। उन्हें रिझाने के लिए गुर्जर नेताओं को आगे किया गया। रैली की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया को दी गई।
विज्ञापन


हाल ही में भाजपा में शामिल हुए विरेंद्र सिंह के अलावा मुखिया गुर्जर, रविंद्र भड़ाना, यशपाल पंवार समेत कई गुर्जर नेताओं को तरजीह दी गई। पश्चिम के मिजाज के अनुसार योगी ने अपने भाषण की शुरुआत में ही कैराना के पलायन का मुद्दा उठाया। मुजफ्फरनगर दंगे, कांवड़ यात्रा, अयोध्या, शुकतीर्थ तथा अन्य धार्मिक स्थलों का जिक्र करते हुए यह दर्शाया कि हिंदुत्व भाजपा के एजेंडे में प्राथमिकता पर है। गुर्जर नेता विरेंद्र सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि जब वे सपा का झंडा लगाकर अपने घर जाते थे तो उनके परिवार की महिलाएं टोकती थी।

इसलिए अब वे भाजपा में शामिल हो गए हैं। जाटों को साधने के लिए चौधरी चरणसिंह का कई बार जिक्र किया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश के संसाधनों पर मुस्लिमों का पहला हक बताया जाता था। तब चर्चा होती थी कि अनुसूचित जाति, गुर्जर, जाट, पिछड़ा वर्ग, राजपूत, वैश्य आदि बिरादरियों का क्या होगा। उन्होंने अनुसूचित जाति के मतदाताओं को रिझाते हुए कहा कि सपा ने बसपा के शासन काल में लगी  अनुसूचित जाति के महापुरुषों की प्रतिमाओं को हटाने के लिए कहा, हमने उनका सुंदरीकरण कराया।
विज्ञापन


महापुरुष किसी एक के नहीं होते हैं। हमने  आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसका लाभ गरीब तबके को मिला है। सीएम ने जाट युवाओं को रोजगार के सपने दिखाए। कहा, पिछले 11-12 वर्षों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं को पुलिस की भर्ती में स्थान नहीं मिलता था। अब उन्हें नौकरी मिल रही है। बागपत के एक ही गांव के 29 जाट युवा पुलिस में भर्ती हुए हैं।

खेत में एक भी गन्ना खड़ा होने तक चलेगी चीनी मिलें
 सीएम ने किसानों को भरोसा दिलाया कि जब तक खेत में गन्ना खड़ा है, तब तक मिलें चलेंगी। अगला सीजन शुरू होने से पहले पूरा भुगतान होगा। सपा-बसपा ने मिलें बंद कराईं। हमने चौधरी चरणसिंह की जन्मभूमि पर स्थित मोहीउद्दीनपुर शुगर मिल सहित कई अन्य मिलों का विस्तार किया।

भाजपा सत्ता में आई तो दुनिया की तीसरी महाशक्ति होगा भारत
रामराज की विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी फिर से पीएम बने तो तीन साल में भारत दुनिया की तीसरी महाशक्ति हो जाएगा। योगी ने कहा कि मोदी सरकार से पहले पाकिस्तान हमारे सैनिकों के सिर काट कर ले जा रहा था, चीन घुसपैठ कर रहा था। देश में भ्रष्टाचार, अराजकता, असुरक्षा का माहौल था।

कांग्रेस ने आतंकियों को बिरयानी खिलाई, सपा ने मुकदमे वापिस लिए। देश में भाजपा की सरकार आई तो आतंकियों को गोली और गोला खिलाया गया।  हमारे सैनिकों पर हमला हुआ तो उन्हीं की मांद में जाकर मारा गया। योगी ने देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, किसानों, नौजवानों के भविष्य, सम्मान और स्वाभिमान के लिए जनता से समर्थन मांगा।

डीएलएड अभ्यर्थियों ने लहराए कागज
मुख्यमंत्री योगी की जनसभा के दौरान डीएलएड संयुक्त प्रशिक्षु मोर्चा के अभ्यर्थियों ने न्याय की मांग करते हुए ज्ञापन लहराए। ज्ञापन की कापियां लहराते हुए रचना रानी, रजत पंवार, वंदना, चंचल, कनक, अमरीन, शिप्रा, नितिन कुमार, पूनम, पूजा आदि ने एनसीटीई 28 जून 2018 को जारी अधिसूचना में संशोधन कर प्रारंभिक शिक्षा शास्त्र में दो वर्षीय डिप्लोमाधारी अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता देने एवं 2017-19 के वंचित प्रशिक्षुओं को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की मांग की।

इसके अलावा सपेरा समाज की महिलाएं भी आवास की मांग को लेकर रैली में पहुंची थीं, लेकिन वह अपनी बात मुख्यमंत्री तक नहीं पहुंचा सकीं। उधर, भाकियू मेरठ के जिला उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने टिकौला चीनी मिल से पर्चियां न मिलने के संबंध में सीएम को ज्ञापन दिया।

पश्चिम की नब्ज पर हाथ रख गए योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में पश्चिम की नब्ज गन्ने पर जमकर बोला। उन्होंने कहा कि जब तक खेतों में गन्ना है चीनी मिले धुआं उगलेगी। नए सत्र से पहले सभी चीनी मिलों को पूरा भुगतान करना होगा, जो भुगतान नहीं करेगा जेल जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनसे पहले की सरकारों ने चीनी मिलों को बेचने और बंद करने का काम किया। सबसे पहले हमने चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली क्षेत्र की बंद पड़ी मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल को चालू कराकर उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि देने का काम किया।

यह बड़ी ही दुखद बात थी कि उनके क्षेत्र की चीनी मिल बंद थी। सीएम ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद गन्ना किसानों का 61 हजार करोड़ का भुगतान किया गया। नए सत्र का प्रारंभ होने से पहले किसानों का समस्त भुगतान चीनी मिलों को करना होगा। जो मिल मालिक भुगतान नहीं करेगा सरकार उसे जेल भेजने का काम करेगी।

प्रदेश की जो चीनी मिले जर्जर और कम क्षमता की है, उनकी क्षमता बढ़ाई जाएगी। इशारों में मोरना चीनी मिल के विस्तारीकरण की बात कर गए। मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया कि जब तक उनके खेतों में गन्ना खड़ा है, तब तक चीनी मिले धुआं निकालेगी। गन्ना खत्म होने तक चीनी मिलें लगातार चलेगी।

भाजपा नेताओं ने मोदी के नाम पर मांगे वोट
मुजफ्फरनगर। रामराज में आयोजित सीएम योगी की विजय संकल्प रैली में बिजनौर, मेरठ और मुजफ्फरनगर जनपदों के भाजपा नेता शामिल हुए। सीएम के आने से पूर्व नेताओं ने खुलकर विचार रखे। सभी ने सर्जिकल स्ट्राइक, मुजफ्फरनगर दंगों आदि का जिक्र किया तथा मोदी के नाम पर वोट मांगे। रैली में बिजनौर लोकसभा प्रत्याशी भारतेंद्र सिंह के अलावा प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया,

एमएलसी विरेंद्र सिंह, हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक, चांदपुर विधायक कमलेश सैनी, पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊटवाल, लोकसभा संयोजक पूर्व विधायक अशोक कंसल, मेरठ जिलाध्यक्ष रविंद्र भड़ाना, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष डॉ सुधीर सैनी, बिजनौर जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया, आशु वर्मा, जगदीश पांचाल, डॉ वीरपाल निर्वाल, पूर्व सांसद सोहनवीर सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन सत्यवीर त्यागी ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें