मुजफ्फरनगर। जिला कारागार में रोजाना फोन चलने और मारपीट की सूचनाएं मिलने पर मंगलवार को एसपी सिटी ने भारी पुलिस फोर्स के साथ छापा मारा। कार्रवाई के दौरान जेल के हर कोने और बंदियों के सामान की सघनता के साथ चेकिंग की गई। बंदियों से माचिस, लाइटर और कट्टन आदि बरामद की गई।
जिला कारागार में बंदियों के बीच चल रही गुटबाजी के कारण रोजाना होने वाली मारपीट और फोन चलने की सूचना पर एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता ने मंगलवार को जेल में सघन चेकिंग अभियान चलवाया। दोपहर तीन बजे एडीएम-ई मनोज कुमार, सीओ सिटी डा. तेजबीर सिंह, सीओ मंडी अरुण कुमार सिंह, नई मंडी कोतवाली रजीव गुप्ता, शहर कोतवाल चमन सिंह चावड़ा, एसओ सिविल लाइन चंद्रकिरण यादव पीएसी और भारी फोर्स के साथ जिला कारागार पहुंचे।
अधिकारियों ने जेल के चप्पे-चप्पे की तलाशी कराई। बैरकों में बंदियों के सामान को खोल-खोल कर देखा गया। भारी फोर्स को देखकर जेल प्रशासन और बंदियों में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि काफी दिनों से जेल में झगड़े और फोन चलने की सूचनाएं मिल रही थी।
उधर, कचहरी के तीनों गेट बंद कर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में मंगलवार को शहर में कचहरी के तीनों गेट के पास पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि कचहरी में कोई घटना हो सकती है।
अधिकारियों ने तुुरंत कचहरी के आसपास काफी संख्या में फोर्स तैनात कर दिया और चेकिंग शुरू की। पुलिस ने तीनों गेट से गुजरने वाले लोगों की, कचहरी परिसर में घूम रहे संदिग्धों की, बाइक और कारों की तलाशी ली। कचहरी के गेटों से बाहर सड़क पर हो रही तलाशी को लेकर लोगोें में हड़कंप मच गया। कई घंटे तक पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया।