हुक्का चौपाल में चौधरी बोले, समाज और बिरादरी हमारे साथ
बुढ़ाना। गठवाला खाप के गांव फुगाना में हुक्का चौपाल में चौधरियों ने कहा कि समाज व बिरादरी हमारे साथ है, तो सम्मान स्वाभाविक ही उनके साथ है। फुगाना गांव की हुक्का चौपाल में रालोद की लोकतंत्र बचाओ रैली को लेकर खाप चौधरियों को मंच पर जगह और बोलने की अनुमति न दिए जाने को लेकर चर्चा हुई। गांव के पूर्व प्रधान चौ. थाम सिंह ने कहा कि मंच पर जगह व बोलने की अनुमति के बारे में राजनैतिक लोग सोचते हैं। गांव के चौधरियों को राजनैतिक मंच पर माइक व जगह की आवश्यकता नहीं है। समाज व बिरादरी में उनका एक अलग स्थान है। वह स्थान हमेशा रहता है। चौ. मुकेश मलिक ने कहा कि रालोद की लोकतंत्र बचाओ रैली में युवक व वृद्ध उत्साह के साथ भाग लेने गए थे। वे नेताओं की बात सुनने गए थे। मंच पर बैठकर फोटो खिंचवाने में छपवाने की चौधरियों की रुचि नही है। समाज व बिरादरी में उनका विशेष स्थान होता है। ओमसिंह व तेजपाल ने कहा कि उन्हें सम्मान के साथ रैली में बुलाया गया था। सभी लोग रुचि के साथ रैली में शामिल हुए। इस मौके पर प्रवीण, जयवीर, सुधीर, रामकिशन, कुशलपाल, धर्मवीर व कालूराम आदि मौजूद रहे।