अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि परिवर्तन और विकास के लिए संस्था में परिवर्तन जरूरी है। प्रत्येक जिले में जो भी व्यक्ति मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं, वह सूची बनाकर उन्हें भेज दें। नीतियों के बार में अवगत कराएं।
महाराजा सूरजमल स्मारक शिक्षा संस्थान जनकपुरी के चुनाव की तैयारी को लेकर मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस पर भाजपा ने तैयारी की बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं कल्याण के लिए बनाई जाती हैं। सभी लोगों के साथ मिलकर चलने से बेहतर नतीजे आएंगे। उन्होंने कहा कि सहयोग के लिए समाज के साथ संगठन के लोग भी हैं।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि समाज के लिए यह बड़ी संस्था है। पश्चिम यूपी में भी संस्थान की ओर से समाज को और अधिक योगदान दिया जाना चाहिए। एमएलसी वंदना वर्मा, सहारनपुर जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, पूर्व प्राचार्य डॉ. नरेश मलिक, प्रधानाचार्य नरेश प्रताप सिंह, राजू अहलावत, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, पूर्व विधायक उमेश मलिक मौजूद रहे।
-
इनसेट
शामली और मुजफ्फरनगर से इनके बीच टक्कर
मुजफ्फरनगर। पिछले दिनों भाजपा खेमे के सामने चुनाव लड़ रहे वर्तमान अध्यक्ष कप्तान सिंह के समर्थकों ने बैठक की थी। इस खेमे से मुजफ्फरनगर से विराज तोमर और शामली से योगेंद्र पाल वर्मा उम्मीदवार हैं। वहीं भाजपा के खेमे से मुजफ्फरनगर से हरीश अहलावत और शामली से हरेंद्र सिंह ताना उम्मीदवार हैं।