मुजफ्फरनगर। नगर पालिका में बृहस्पतिवार को हुए विवाद के बाद सभासद डीएम के पास ठेकेदारों की शिकायत लेकर पहुंचे। पालिका सभासदों ने दो ठेकेदारों पर आरोप लगाते हुए उनकी जांच कराने की मांग की। पालिका सभासदों का नेतृत्व पालिका चेयरपर्सन पति और भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने किया।
बृहस्पतिवार को नगर पालिका में ठेकेदारी करने वाले ठेकेदार तुषार पचीसिया और अभिमन्यु ने डीएम से दो वार्ड सभासदों की शिकायत की थी। आरोप था कि जब वे अपने टेंडर की प्रतिलिपि पालिका निर्माण विभाग में जमा कराने पहुंचे थे तो उन्हें दो सभासदों ने धमकाया और गाली गलौज की। जिसके बाद डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट को जांच के लिए पालिका भेजा था। शुक्रवार को चेयरपर्सन पति के साथ विभिन्न वार्ड सभासदों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। मांग उठाई कि सभासदों पर आरोप लगाने वाले दो ठेकेदारों की जांच कराई जाए। जिन 74 टेंडरों को लेकर शिकायत की गई है उन्हें निरस्त किया जाए। इस मौके पर सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, मो. शहजाद, कुसुमलता, सुनीता, अमित पटपटिया, इ रशाद अंसारी, रजत कुमार आदि शामिल रहे। संवाद