बैठक नहीं कराने पर चेयरपर्सन ने ईओ को चेताया
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका की बैठक को ऑनलाइन कराने की व्यवस्था नहीं करने पर पालिकाध्यक्ष ने ईओ को चेताया है। उन्होंने पत्र लिखकर कहा कि यदि पालिका में वित्तीय संकट होता है तो इसके लिए ईओ जिम्मेदार होंगे।
नगर पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल का कहना है कि उन्होंने नगर पालिका बोर्ड की बैठक ऑनलाइन जूम एप से कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे, लेकिन ईओ ने इस पर कोई गौर नहीं किया। बिना कोई समाधान सुझाए ही बैठक कराने से इंकार कर दिया। नगर पालिका का वार्षिक बजट पास नहीं होने से वित्तीय संकट खड़ा हो सकता है। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन, डीजल व्यय, कूड़ा उठाने वाले वाहनों के मेंटिनेंस, पाइप लाइनों की मरम्मत एवं गोशालाओं में रह रहे पशुओं के चारे की व्यवस्था आदि कार्य रुक सकते हैं। 34 सभासदों ने हस्ताक्षर कर ऑनलाइन बैठक कराने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद ईओ ने बैठक कराने से इंकार कर दिया। कोरोना महामारी के दौर में यदि नगर पालिका में वित्तीय संकट होता है या कोई काम रुकता है तो इसके लिए ईओ जिम्मेदार होंगे।