शामली के गांव लिलोन के रहने वाले है दोनों आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गांव कल्याणपुर की महिला से दो युवकों ने उज्ज्वला कनेक्शन के तहत सिलिंडर आने का झूठा झांसा देकर दस हजार रुपये ठग लिए। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंपा। पुलिस मुकदमा पंजीकृत किया है।
शामली के गांव लिलोन निवासी दो युवक गुलशन पुत्र अमरपाल और दिनेश पुत्र ईश्वर अपने साथ बायोमेट्रिक मशीन के साथ गांव कल्याणपुर में पहुंचे। उन्होंने गांव निवासी अफसाना पत्नी जमील को उज्ज्वला कनेक्शन के तहत सिलिंडरर आने का झांसा देकर आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक लाने को कहा। अंगूठा लगाने के कुछ समय बाद ही महिला के फोन पर बैंक अकाउंट से दस हजार रुपये कटने का मेसेज आया।
महिला ने तुरंत शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची रतनपुरी पुलिस को सौंप दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया है। थाना प्रभारी पंकज राय ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।