मोरना में बैंक से कैश नहीं मिलने से गुस्साई ग्राहकों की भीड़ ने ककरौली के भारतीय स्टेट बैंक पर पथराव कर दिया। पथराव से बैंक की खिड़कियों के शीशे तोड़ डाले। इसके बाद आक्रोशित ग्राहकों ने शाखा प्रबंधक सहित सभी कर्मचारियों को बैंक बंद कर गेट पर ताला जड़ दिया और कुछ ग्राहक चाबी लेकर भाग निकले।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर हंगामा कर रही भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने गेट के ताले को गैस कटर से कटवाया। इसके बाद लोगों को नंबर देकर पैसे दिलवाने शुरू कराए।
ककरौली में बस स्टैंड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में कैश नहीं मिलने पर ग्राहकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। बैंक में पैसा लेने आए ग्रामीण राहुल, मोमीन, राकेश, मुबीन, मुज्जमिल, शाहनजर, शाहनावाज, राशिद, कमाल पाशा, शैदा हसन, यामीन, फुरकान, मोहम्मद उमर, जहूर अहमद, शमशीदा, शाहिदा, बशीरन, राशिदा, गुलजार, जावेद असजद आदि ने बताया कि पिछले चार दिनों से बैंक से पैसा नहीं मिला है।
सोमवार सुबह बैंक पहुंचे तो कर्मचारियों ने कह दिया कि मात्र एक हजार रुपये ही मिलेंगे। जिसको सुनकर ग्राहक भड़क उठे। गुस्साई ग्राहकों की भीड़ ने नारेबाजी करते हुए बैंक परिसर पर पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव से बैंक की खिड़कियों के शीशे टूट गए। इसके बाद गेट पर ताला लगाकर कर्मचारियों को अंदर बंद कर दिया। चाबी लेकर कुछ ग्राहक वहां से भाग गए। सूचना मिलने पर भोपा सीओ अकील अहमद एवं ककरौली थानाध्यक्ष आनंद मिश्रा पुलिस बल के साथ बैंक पर पहुंचे।
पुलिस ने हंगामा करने वाली भीड़ को लाठियां फटकार कर भगाया। पुलिस ने गैस कटर मंगवा कर बैंक ताला कटवाया। इसके बाद सीओ ने ग्राहकों और बैंक अधिकारियों से बातचीत कर प्रत्येक ग्राहक चार हजार रुपये दिलवाने पर सहमति बनी। पुलिस ने ग्राहकों को नंबर बांटकर बैंक से कैश दिलवाने की व्यवस्था बनवाई, तब कहीं जाकर ग्राहकों का गुस्सा शांत हुआ।