सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : अमर उजाला
शादी समारोह में जा रहे परिवार की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली को बचाने के चक्कर में पेड़ में घुस गई। हादसे में चालक समेत दो युवकों की मौत हो गई। जबरदस्त टक्कर लगने से कार के परखच्चे उड़ गए। घटना में तीन बच्चों समेत चार घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के गांव चिरौड़ी निवासी नीरज (32) पुत्र जोगेंद्र की चरथावल थाना क्षेत्र के गांव अकबरगढ़ में ससुराल है। मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे कार से वह साली की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी, बच्चों और दोस्तों को लेकर अकबरगढ़ आ रहा था। दधेडू गांव से निकलते ही लुहारी खुर्द भट्ठे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेजी से सड़क पर आ गई। कार भी तेज गति में थी। ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार भट्ठे के पास पेड़ में टकरा गई। जोरदार टक्कर से कार सवार लोगों की चीख निकल गई। आसपास लोग दौड़कर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकाला।
नीरज के दोस्त चालक राकेश पुत्र बब्बन निवासी दौतलराम कॉलोनी दौराला जनपद मेरठ के सिर का आधा हिस्सा कटकर वहीं गिर पड़ा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजीव शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां नीरज को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने घायल अमित को मोदीपुरम अस्पताल में भर्ती कराया। कस्बा प्रभारी चंद्रसेन सैनी ने घायल बच्चे अक्ष पुत्र नीरज, मनु पुत्री नीरज और राखी पुत्री रामकुमार को प्राथमिक उपचार के बाद उनके मामा के यहां अकबरगढ़ भिजवाया। दो मौतों के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दामाद समेत दो की मौत पर अकबरगढ़ गांव में शोक छा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रैक्टर समेत आरोपी चालक को चिह्नित कर लिया गया है। आरोपी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस ने बताया कि हादसे मरे दोनों युवकों में गहरी दोस्ती थी।