छपार। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाइवे पर चलती कार का अचानक टायर फट गया। अनियंत्रित होकर कार पलट गई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा शनिवार देर रात हुआ। छपार के गांव बरला निवासी तीन युवक कार से मुजफ्फरनगर गए थे। देर रात को तीनों लौट रहे थे। जब वे छपार के निकट जयभगवानपुर के रास्ते के सामने पहुंचे तो अचानक कार का बाई ओर का टायर फट गया, जिससे कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को कार से बाहर निकाला, तब तक बरला निवासी शाहवेज (21 )पुत्र शाहबाद की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शाहरुख और असद घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। बाद में शाहवेज के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने थाने रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। तीनों युवक एक ही कुटुंब के बनाए गए हैं।